सरायकेला: सुहाग और समर्पण का प्रतीक माने जाने वाले वट सावित्री पूजा को लेकर शनिवार को सरायकेला में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला. जिले के विभिन्न मंदिरों, वट वृक्ष स्थलों एवं पूजा स्थलों पर सुबह से ही सुहागिन महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सज- धज कर वट वृक्ष की पूजा- अर्चना की तथा अपने पति की लंबी उम्र, सुख- समृद्धि और अखंड सौभाग्यवती रहने का आशीर्वाद मांगा.

पूजा को लेकर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही धार्मिक माहौल बना रहा. महिलाएं हाथों में पूजा की थाली, फल, फूल, धूप, अगरबत्ती और पूजा सामग्री लेकर वट वृक्ष के पास पहुंचीं. विधि- विधान से पूजा करने के बाद महिलाओं ने वट वृक्ष के चारों ओर धागा बांधकर परिक्रमा की और सावित्री- सत्यवान की कथा का श्रवण किया. इस दौरान कई स्थानों पर सामूहिक रूप से पूजा- अर्चना और कथा वाचन का आयोजन किया गया.
मान्यता है कि वट सावित्री व्रत करने से पति की आयु लंबी होती है और वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहता है. धार्मिक परंपराओं के अनुसार माता सावित्री ने अपने तप, निष्ठा और संकल्प से अपने पति सत्यवान के प्राण यमराज से वापस लाए थे. उसी पौराणिक कथा की स्मृति में विवाहित महिलाएं यह व्रत रखती हैं और वट वृक्ष की पूजा करती हैं. सरायकेला के विभिन्न इलाकों में महिलाओं में पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखा गया. कई महिलाएं सुबह से निर्जला व्रत रखकर पूजा में शामिल हुईं. मंदिर परिसरों में भक्ति गीतों और मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा. महिलाओं ने एक- दूसरे को सिंदूर लगाकर अखंड सौभाग्य की शुभकामनाएं भी दीं. पूजा के दौरान महिलाओं ने परिवार की सुख- शांति, संतान की उन्नति और घर में समृद्धि की भी कामना की. ग्रामीण क्षेत्रों में भी वट सावित्री पूजा को लेकर खास उत्साह देखने को मिला. गांवों में महिलाएं समूह बनाकर वट वृक्ष के नीचे एकत्रित हुईं और पूरे विधि- विधान से पूजा संपन्न की.
वहीं शहर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पूजा समितियों द्वारा विशेष व्यवस्था की गई थी. धार्मिक मान्यताओं और भारतीय संस्कृति की जीवंत परंपरा को सहेजे यह पर्व एक बार फिर महिलाओं की अटूट श्रद्धा, समर्पण और परिवार के प्रति प्रेम का प्रतीक बनकर उभरा. सरायकेला में पूजा-अर्चना, कथा श्रवण और धार्मिक आयोजनों का सिलसिला चलता रहा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा.
Report: Pramod Singh



