सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र अंतर्गत तितिरबिला के समीप गुरुवार सुबह ट्रक और ट्रेलर की आमने- सामने जोरदार टक्कर हो गई. इस सड़क दुर्घटना में ट्रक चालक सिंटू कुमार (22) गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को सदर अस्पताल सरायकेला लाया गया.

सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार दुर्घटना में ट्रक चालक का पैर टूट गया है.
मिली जानकारी के अनुसार ट्रक चालक सिंटू कुमार दुर्गापुर से ट्रक लेकर चाईबासा स्थित रुंगटा कंपनी जा रहा था. गुरुवार सुबह घना कुहासा होने के कारण तितिरबिला के पास सामने से आ रही ट्रेलर से ट्रक की सीधी टक्कर हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया. पुलिस मामले की जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.

