कुचाई: शुक्रवार को TRCSC संस्था द्वारा स्वयं (SWAYAM) परियोजना के अंतर्गत कुचाई स्थित किसान भवन में सेविका, सहिया, सहिया साथी, एलएस एवं एएनएम के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बाल संरक्षण एवं बाल विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की जानकारी बढ़ाना और स्वयं परियोजना के साथ उनके संबंधों को सुदृढ़ करना था.

कार्यशाला का उद्घाटन अंचल अधिकारी सुश्री सुषमा सोरेन ने किया. उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों से एकजुट होकर बच्चों के हित में कार्य करने का आह्वान किया. कार्यशाला के दौरान बच्चों के अधिकार, स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं बाल सुरक्षा जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई. इसके साथ ही बाल विवाह, बाल मजदूरी, बाल तस्करी जैसी सामाजिक कुरीतियों पर वीडियो के माध्यम से जागरूकता दी गई. बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में सेविका, सहिया एवं सहिया साथी की भूमिका तथा आपसी समन्वय पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया.

स्वयं परियोजना द्वारा गठित ग्राम बाल संरक्षण एवं विकास समितियों (VCPDC) को मजबूत बनाने का संकल्प भी इस अवसर पर लिया गया.
कार्यक्रम में तिलोपदा, मरांगहातु, छोटासेगोई एवं अरुवां पंचायतों से सेविका, सहिया, सहिया साथी एवं प्रखंड स्तरीय कार्यकारी पदाधिकारी उपस्थित रहे. संदर्भ व्यक्ति के रूप में परियोजना सलाहकार श्री रजत मित्रा ने कार्यशाला का संचालन किया. अंत में परियोजना समन्वयक गैरिका गिरि ने धन्यवाद ज्ञापन किया. इस अवसर पर मॉनिटरिंग एंड इवैल्युएशन कोऑर्डिनेटर मधुमिता दास सहित परियोजना के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे.

