सरायकेला: जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं और हादसों में हो रही मौतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर सोमवार को ट्रैफिक पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया.

करीब एक घंटे तक चले इस सघन वाहन जांच अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक थाना प्रभारी राजू ने किया. इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की गई तथा चालकों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई. राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान कोई भी चालक नशे की हालत में नहीं पाया गया.
अभियान के दौरान सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार भी मौजूद रहे और पुलिस टीम के साथ मिलकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया.
ट्रैफिक थाना प्रभारी राजू ने कहा कि सड़क पर छोटी सी लापरवाही किसी परिवार की जिंदगी तबाह कर सकती है. उन्होंने कहा कि आज सबसे ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं तेज रफ्तार, लापरवाही और शराब पीकर वाहन चलाने की वजह से हो रही हैं. यदि लोग ट्रैफिक नियमों का पालन करें तो अधिकांश हादसों को रोका जा सकता है. उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना सिर्फ कानून तोड़ना नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ करना है. ट्रैफिक पुलिस अब ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाएगी. पुलिस ने चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने और बाइक चालकों से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की अपील की. साथ ही लोगों को ओवरस्पीडिंग से बचने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई. थाना प्रभारी ने कहा कि यदि आम जनता ट्रैफिक पुलिस का सहयोग करे और नियमों का पालन करे तो 80 से 85 प्रतिशत सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का उद्देश्य सिर्फ चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाना है.
सरायकेला पुलिस का यह अभियान सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और लोगों में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है.
Report: Pramod Singh



