आदित्यपुर: सरायकेला जिले के नए ट्रैफिक प्रभारी के रूप में 1994 बैच के दारोगा राजू ने रविवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया. उन्होंने निवर्तमान ट्रैफिक प्रभारी सह डीसीपी अजय कुमार तिवारी से पदभार ग्रहण किया. पदभार ग्रहण समारोह के दौरान आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की, पुलिस एसोसिएशन और पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे.

अपने करीब एक वर्ष के कार्यकाल को याद करते हुए निवर्तमान ट्रैफिक प्रभारी अजय कुमार तिवारी ने इसे उपलब्धियों भरा बताया. उन्होंने कहा कि जब उन्होंने जिले की ट्रैफिक प्रभारी की कमान संभाली थी, तब कई चुनौतियां सामने थीं. उनके कार्यकाल में टाटा- कांड्रा मार्ग पर ट्रैफिक सिग्नल की शुरुआत हुई, जिससे जाम की समस्या में काफी कमी आई. दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली और छठ जैसे बड़े आयोजनों में भी किसी तरह की दुर्घटना नहीं हुई और इसमें जनता का पूर्ण सहयोग मिला. उन्होंने कहा कि इस जिला में रहते हुए उन्हें डीएसपी के रूप में प्रोन्नति मिली यह भी एक बड़ी उपलब्धि रही. उन्होंने पुलिस अधीक्षक एवं जिले की जनता के प्रति आभार जताया.

इधर पदभार ग्रहण करने के बाद नए ट्रैफिक प्रभारी राजू ने कहा कि जिले में ट्रैफिक नियंत्रण उनकी पहली प्राथमिकता होगी. उन्होंने बताया कि सरायकेला जिले में काम करने का अनुभव है. इससे पूर्व वे आरआईटी और गम्हरिया में थाना प्रभारी के रूप में सेवा दे चुके हैं. गम्हरिया में पदस्थापना के दौरान उन्हें नक्सल प्रभावित क्षेत्र में भी काम करने का अनुभव रहा. उन्होंने कहा कि सभी के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जिले को जाममुक्त और दुर्घटनामुक्त बनाने का पूरा प्रयास किया जाएगा.

