सरायकेला: जिले में सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के एनआईटी जमशेदपुर (आदित्यपुर) आगमन कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के दृष्टिगत आवश्यक दिशा- निर्देश जारी किए हैं.
प्रशासन के अनुसार, 29 दिसंबर को अपराह्न 12:00 बजे से एनआईटी से एनआईटी मोड़ की ओर जाने वाले मार्ग का उपयोग यथासंभव कम करने का अनुरोध किया गया है. वहीं अपराह्न 1:00 बजे से शेरे पंजाब से आकाशवाणी चौक की ओर जाने वाले मार्ग के प्रयोग को भी न्यूनतम रखने की अपील की गई है.

इसके अतिरिक्त एनआईटी से आरआईटी की ओर जाने वाले मार्ग का भी सीमित उपयोग करने को कहा गया है. आदित्यपुर से जमशेदपुर की ओर जाने वाले सभी वाहनों को आदित्यपुर टॉल ब्रिज मार्ग का प्रयोग करने का निर्देश दिया गया है.
जिला प्रशासन ने बताया कि राष्ट्रपति महोदया के कार्यक्रम के पश्चात सुरक्षा कारणों से सभी निर्धारित रूट लाइन को अस्थायी रूप से नियंत्रित या बंद किया जाएगा. ऐसे में आम नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे केवल वैकल्पिक एवं निर्देशित मार्गों का ही उपयोग करें.
प्रशासन ने आम जनमानस से अपील की है कि निर्धारित समयावधि में अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को सहयोग करें. यह समस्त व्यवस्था माननीय राष्ट्रपति महोदया के आगमन कार्यक्रम की सुरक्षा और यातायात के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए की जा रही है.

