सरायकेला/ Pramod Singh सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए सरायकेला- खरसावां जिला पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है. पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर जिले में एक महीने तक चलने वाला विशेष सड़क सुरक्षा अभियान शुरू हो गया है. इसी क्रम में तिरुलडीह थाना पुलिस ने बुधवार को अभियान चलाकर स्टंट करने और साइलेंसर से तेज आवाज निकालने वाले पांच बाइकों को जब्त किया है.

तिरुलडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे हेलमेट पहनें, वाहन के सभी जरूरी कागजात रखें और नियमों का पालन करें.
उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और लोगों को सुरक्षित यात्रा के लिए जागरूक करना है. नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि तिरुलडीह थाना पुलिस आगे भी ऐसे अभियान चलाती रहेगी. उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए समाज का सहयोग जरूरी है. पुलिस लगातार इस दिशा में काम कर रही है ताकि लोगों की जान सुरक्षित रहे.

