सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुमित चौधरी ने क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में तूफानी जनसंपर्क अभियान चलाकर चुनावी सरगर्मी तेज कर दी है. अभियान के दौरान उन्होंने घर- घर जाकर लोगों से मुलाकात की, स्थानीय समस्याएं सुनीं और अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की. जनसंपर्क में समर्थकों और स्थानीय नागरिकों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली.

सुमित चौधरी ने कहा कि उनका चुनाव व्यक्तिगत नहीं बल्कि जनता का चुनाव है. उन्होंने कहा कि वे चुनाव नहीं लड़ रहे हैं, बल्कि उनकी जनता चुनाव लड़ रही है. जीत के बाद भी अध्यक्ष की कुर्सी पर जनता ही बैठेगी और हर निर्णय जनता की राय से लिया जाएगा.

उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव जीतने के बाद नगर पंचायत क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा. सड़क, नाली, पेयजल, साफ- सफाई और प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी.
सुमित चौधरी ने कहा कि वे जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे. क्षेत्रवासियों की समस्या को अपनी समस्या मानते हुए हर समय सुख-दुख में साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया. जनसंपर्क अभियान के दौरान दर्जनों कार्यकर्ता और समर्थक उनके साथ मौजूद रहे. समर्थकों ने क्षेत्र में व्यापक जनसमर्थन का दावा किया है.

