सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सुमित कुमार चौधरी ने गुरुवार को हाट टांडी क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर चुनावी माहौल को गरमा दिया. अभियान के दौरान उन्होंने घर- घर जाकर मतदाताओं से मुलाकात की और अपने पक्ष में समर्थन मांगा. कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया और समर्थन का भरोसा दिलाया.

जनसंपर्क के दौरान सुमित कुमार चौधरी ने लोगों से सीधे संवाद करते हुए कहा कि यह चुनाव किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे सरायकेला की जनता का चुनाव है. उन्होंने भावनात्मक अंदाज में कहा, “मैं चुनाव नहीं लड़ रहा हूं, चुनाव मेरी सरायकेला की जनता लड़ रही है. मैं आपका बेटा बनकर आया हूं और बेटा बनकर ही रहूंगा.”

उन्होंने आश्वासन दिया कि चुनाव जीतने के बाद भी वे जनता के बीच लगातार सक्रिय रहेंगे और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्धता से काम करेंगे. नगर के विकास, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, सड़क निर्माण और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही.
अभियान के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे. सभी ने क्षेत्र में घूम-घूमकर मतदाताओं से समर्थन की अपील की. हाट टांडी इलाके में जनसंपर्क को लेकर चुनावी हलचल तेज देखी गई.
नगर निकाय चुनाव को लेकर सरायकेला में राजनीतिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं और सभी प्रत्याशी जनसंपर्क के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंचने में जुटे हैं.

