सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र अंतर्गत पाटाहेंसल गांव में रविवार की शाम एक 19 वर्षीय युवक द्वारा पेड़ से लटककर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है. मृतक की पहचान गांव निवासी सोमा मुंडरी के पुत्र बिके मुंडरी के रूप में हुई है.

मिली जानकारी के अनुसार, बिके मुंडरी रविवार की शाम करीब चार बजे घर से निकला था. शाम लगभग छह बजे उसका छोटा भाई बैल लाने के लिए निकला, इसी दौरान रास्ते में उसने एक युवक को पेड़ से लटका हुआ देखा. इसके बाद वह गांव पहुंचा और परिजनों तथा ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी.
सूचना मिलने पर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, जहां बिके मुंडरी को बेल्ट के सहारे पेड़ से लटका पाया गया. ग्रामीणों ने उसे पेड़ से नीचे उतारकर घर लाया और तत्काल इसकी सूचना सरायकेला थाना को दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है.

