सरायकेला/ Pramod Singh पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने बुधवार को व्यवहार न्यायालय सरायकेला का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने न्यायालय परिसर की समग्र सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान एसपी ने मुख्य प्रवेश द्वार, सुरक्षा बैरियर, सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षाकर्मियों की तैनाती, अग्निशमन प्रणाली, पार्किंग स्थल और बंदी गृह सहित सभी जरूरी बिंदुओं की समीक्षा की.

एसपी ने सुरक्षा प्रबंधन को और मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर की सुरक्षा में कोई भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सुरक्षाकर्मियों को पूरी निष्ठा और मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी करनी चाहिए.

निरीक्षण के दौरान एसपी के साथ न्यायालय के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे. एसपी का यह दौरा न्यायालय परिसर की सुरक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

