आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai आगामी राष्ट्रपति दौरे को लेकर सरायकेला- खरसावां जिला पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं. गुरुवार देर रात पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था संधारण को लेकर प्रस्तावित रूटलाइन, कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों का भौतिक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की बारीकियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए.

गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 29 दिसंबर को एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने आदित्यपुर स्थित आरआईटी एनआईटी परिसर पहुंचेंगी. राष्ट्रपति यहां लगभग 45 मिनट तक प्रवास करेंगी. इससे पहले उनका जमशेदपुर में भी दौरा प्रस्तावित है.

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति जमशेदपुर से सड़क मार्ग के माध्यम से आदित्यपुर पहुंचेंगी. कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वे सड़क मार्ग से ही सोनारी एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगी. इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा पूरे रूट पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है.
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान किसी भी स्तर पर सुरक्षा में चूक नहीं होनी चाहिए. उन्होंने ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया.
एसपी ने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा के हर पहलू पर गंभीरता से काम किया जा रहा है. उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को अपने- अपने क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग और सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा.
इस मौके पर एसडीपीओ सरायकेला समीर कुमार सवैयां, ट्रैफिक प्रभारी राजू, सरायकेला सर्किल इंस्पेक्टर राजेश सिंह, आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की, आरआईटी थाना प्रभारी संजीव सिंह, खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार, सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.

