सरायकेला/ Pramod Singh सीनी ओपी क्षेत्र अंतर्गत रघुनाथपुर गांव के एक तालाब से करीब 40 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान कार्तिक सरदार के रूप में हुई है. वह पिछले चार दिनों से घर से लापता था.

सोमवार शाम ग्रामीणों ने तालाब में एक शव को पानी पर तैरते देखा. इसके बाद मुंडाटांड़ पंचायत के मुखिया को सूचना दी गई. मुखिया द्वारा जानकारी दिए जाने पर सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को तालाब से बाहर निकलवाया. बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया.
पुलिस के अनुसार मृतक भिलाईडीह का निवासी था और अपने ससुराल रघुनाथपुर में रहकर राजमिस्त्री का कार्य करता था. चार दिन पूर्व वह घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. परिजनों ने थाना में गुमशुदगी की कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई थी और स्वयं उसकी तलाश कर रहे थे.
ओपी प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी. मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.

