सरायकेला: अनुमंडल को नए पुलिस नेतृत्व के रूप में गुरुवार को नया एसडीपीओ मिल गया. अनुभव भारद्वाज ने पदभार ग्रहण करते ही साफ संकेत दे दिया कि अब क्षेत्र में अपराध, नशा कारोबार और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस और अधिक सख्त कार्रवाई करेगी. पदभार संभालने के बाद नए एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता क्षेत्र में क्राइम कंट्रोल, पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना तथा ब्राउन शुगर के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करना है.

उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि ब्राउन शुगर का कारोबार युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रहा है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा और ऐसे तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
नए एसडीपीओ ने यह भी कहा कि पुलिस की सबसे बड़ी ताकत जनता का भरोसा है. थाना स्तर पर पुलिस-पब्लिक मैत्री संबंध को और मजबूत किया जाएगा ताकि लोग बिना डर अपनी समस्याएं पुलिस तक पहुंचा सकें.
उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास जीतना और अपराधियों में कानून का भय पैदा करना उनकी प्राथमिकता होगी. पुलिस संवेदनशीलता और सख्ती दोनों के साथ काम करेगी ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे.
सरायकेला में नए पुलिस नेतृत्व के आने के बाद लोगों को उम्मीद है कि अपराध, नशा तस्करी और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण देखने को मिलेगा. खासकर ब्राउन शुगर के खिलाफ सख्त अभियान को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



