आदित्यपुर: बीती रात दो मनचले युवकों को एसडीपीओ से उलझना भारी पड़ गया. जिसके परिणाम स्वरूप दोनों युवकों को हवालात की हवा खानी पड़ी. रविवार को दोनों युवकों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

क्या है घटनाक्रम
दरअसल शनिवार की रात करीब 10:00 बजे आदित्यपुर थाना अंतर्गत आर आईटी मोड़ के समीप दीपू मिश्रा एवं जेपी तिवारी नामक युवकों का एक स्कूटी सवार के साथ नोकझोंक चल रहा था. इसी बीच एसडीपीओ हरविंदर सिंह सिविल ड्रेस में उधर से गुजर रहे थे. रोड पर हंगामा देख उन्होंने अपनी गाड़ी रोक दी. जिसके बाद दोनों युवकों ने एसडीपीओ के साथ बदसलूकी कर डाली. इतना ही नहीं युवकों ने एसडीपीओ को पहचानने से इंकार कर दिया. फिर क्या था एसडीपीओ ने फौरन आदित्यपुर पुलिस को इत्तला की और दोनों युवकों को उठवा लिया. देर रात मेडिकल जांच कराया गया और रविवार को दोनों को सलाखों के पीछे भेज दिया गया. वहीं इस मामले पर पूछे जाने पर कोई भी अधिकारी स्पष्ट रूप से कुछ भी बोलने से बचते रहे.

