सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत क्षेत्र में सफाईकर्मी दो महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण गुरुवार से हड़ताल पर चले गए हैं. हड़ताल के चलते नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों में साफ- सफाई का कार्य पूरी तरह ठप पड़ गया है. सफाई कर्मियों का कहना है कि वेतन नहीं मिलने से बच्चों की पढ़ाई, घर के राशन-पानी और अन्य जरूरी खर्च पूरे करना मुश्किल हो गया है. कई कर्मचारी कर्ज लेकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं और अब स्थिति बेहद गंभीर हो चुकी है.

कर्मचारियों ने नगर पंचायत पदाधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बार- बार आवेदन और गुहार लगाने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया. मकर पर्व को लेकर भी कर्मचारियों में नाराजगी है. उनका कहना है कि त्योहार के मौके पर बच्चों के लिए कपड़े और जरूरी सामान तक खरीदने के पैसे नहीं हैं, जिससे उन्हें मजबूरन हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा.
बुधवार को नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष मीनाक्षी पटनायक भी सफाई कर्मचारियों के वेतन भुगतान को लेकर नगर पंचायत कार्यालय पहुंची थीं. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल भुगतान का निर्देश दिया था, लेकिन इसके बावजूद सफाई कर्मियों को वेतन नहीं मिला.

इस मामले में सरायकेला नगर पंचायत के प्रशासक समीर बोदरा ने बताया कि आज सफाई कर्मियों को एक महीने का वेतन भुगतान कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि शेष बकाया राशि का भुगतान भी जल्द कर दिया जाएगा, ताकि कर्मचारियों की समस्या का समाधान हो सके

