सरायकेला: टिउनिया गांव में आयोजित 108 कुंज नाम कीर्तन का शुभारंभ शनिवार को नगर पंचायत के नव निर्वाचित अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने किया. इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण उपस्थित रहे.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में जागरूकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं. उन्होंने कहा कि अध्यात्म ही वह मार्ग है जो लोगों को जीवन के सही मायनों से जोड़ता है और समाज में बढ़ती भौतिकवादी सोच से दूर रहने की प्रेरणा देता है.

उन्होंने इस आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई देते हुए आभार व्यक्त किया और कुंज के प्रमुख मृत्युंजय बाबा से आशीर्वाद भी लिया. उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल टिउनिया गांव बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है.
मनोज चौधरी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम हमारी संस्कृति और परंपराओं की समृद्धि और महानता की याद दिलाते हैं. हमारी संस्कृति में अपार ज्ञान और शक्ति है, जो जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है.

उन्होंने इस आयोजन में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी लोगों के प्रति सम्मान प्रकट किया. कार्यक्रम में मुख्य रूप से श्रीनिवास महतो, धीरेंद्र महतो, मोहन महतो सहित काफी संख्या में ग्रामीण और भक्त मौजूद रहे. बताया जा रहा है कि नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी लोकप्रिय हो रहे हैं, जिसकी चर्चा राजनीतिक हलकों में भी होने लगी है.

