राजनगर/ Rasbihari Mandal प्रखंड के गोबिंदपुर पंचायत अंतर्गत पखनाडीह में बढ़ती ठंड ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है. गुरुवार शाम करीब 7 बजे स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर अलाव जलाकर ठंड से बचने की कोशिश की, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर अब तक किसी प्रकार की व्यवस्था न होने से लोगों में नाराजगी है.

खोकरो गांव के युवा समाजसेवी अजय कुमार गोप ने जिला प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जिले के उपायुक्त के निर्देश पर अन्य प्रखंडों में अलाव की व्यवस्था की जा चुकी है, लेकिन राजनगर प्रखंड को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है. न तो किसी स्थान पर अलाव उपलब्ध कराया गया है और न ही गरीब एवं जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण की प्रक्रिया शुरू की गई है, जो अत्यंत चिंताजनक है.
समाजसेवी अजय कुमार गोप ने जिला प्रशासन से तत्काल प्रभाव से राजनगर में अलाव उपलब्ध कराने और कंबल वितरण आवंटन शुरू करने की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर वे इस मामले पर कड़ा रुख अपनाने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी ज़िम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी. तेज ठंड और प्रशासनिक उदासीनता से ग्रामीणों में भारी असंतोष देखने को मिल रहा है.

