सरायकेला: जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर के तत्वावधान में शुक्रवार को जिला नियोजनालय परिसर में रोजगार मेला का आयोजन किया गया. इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कुल 15 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया और विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया.

जिला नियोजन पदाधिकारी आलोक कुमार तोपनो ने बताया कि रोजगार मेले में रामकृष्ण फोर्जिंग्स लिमिटेड, श्याम स्टील लिमिटेड, रामकृष्ण कास्टिंग सॉल्यूशन लिमिटेड, बीएन ट्रैक्टर्स, मित्तल मोटर्स, यूनिक सॉल्यूशन, संजीव रमन सिक्योरिटी, टैलेंटनेक्सा सर्विसेज लिमिटेड, युवा शक्ति फाउंडेशन, प्रधान कंस्ट्रक्शन सहित कुल 15 संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल हुए.

इन कंपनियों द्वारा रोबोट इंजीनियर, टर्निंग ऑपरेटर, फिटर, एचएमसी और वीएमसी ऑपरेटर, मेंटेनेंस इंजीनियर, क्वालिटी इंजीनियर, सेल्समैन, टेलीकॉलर, ऑटोमोबाइल मैकेनिक, वेल्डर, सेफ्टी सुपरवाइजर, लाइन इंस्पेक्टर, बॉलिंग डिस्क और प्रेस फिल्टर ऑपरेटर, क्रेन ऑपरेटर, मोबिलाइजर, कोऑर्डिनेटर, ट्रेनी, स्टोर कीपर, सिक्योरिटी गार्ड और ड्राइवर सहित विभिन्न पदों पर सरायकेला-खरसावां एवं जमशेदपुर में नियुक्ति के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया.
रोजगार मेले के दौरान कुल 188 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया.

जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर की ओर से नियमित रूप से रोजगार मेला एवं भर्ती शिविरों का आयोजन किया जाता है. उन्होंने जिले के सभी रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं से अपील की कि वे भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं. उन्होंने स्पष्ट किया कि रोजगार मेला की पूरी प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है.
रोजगार मेले में जिला नियोजन पदाधिकारी आलोक कुमार तोपनो, वाईपी रवि प्रकाश सिंह, जिला नियोजनालय के कर्मी सुरेंद्र रजक, सुजीत सरदार सहित अन्य कर्मचारी तथा संबंधित कंपनियों के एचआर मैनेजर उपस्थित रहे.

