सरायकेला/ Pramod Singh जिले में सड़क सुरक्षा माह के तहत लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. गुरुवार को सड़क सुरक्षा माह के आठवें दिन जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो के नेतृत्व में सरायकेला प्रखंड अंतर्गत पठानमारा पंचायत में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया.

कार्यक्रम के दौरान लोगों को विशेष रूप से गुड समेरियन पॉलिसी की जानकारी दी गई और सड़क दुर्घटना के शिकार लोगों की मदद करने के लिए आगे आने की अपील की गई. जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करना एक नेक नागरिक का कर्तव्य है और इसके लिए कानून द्वारा संरक्षण भी दिया गया है.
इस अवसर पर गिरिजा शंकर महतो द्वारा संजय होनहागार, मुखिया पठानमारा पंचायत, रामराय गोडसोरा, ग्राम प्रधान पठानमारा, शत्रुघन टीयू, ग्राम प्रधान कोपे गांव और नेहरू पूर्ति, ग्राम प्रधान बड़ा टंगरानी को सड़क सुरक्षा दूत के रूप में नामित किया गया.
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया. इस जागरूकता अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी के साथ जिला सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य भी शामिल रहे.

