सरायकेला: सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और दुर्गा पूजा को लेकर जिले में तैयारियों की समीक्षा हेतु शुक्रवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई. बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत सहित जिले के सभी वरीय अधिकारी, थाना प्रभारी और समिति के सदस्य वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए.


बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी ने अगस्त माह में हुई सड़क दुर्घटनाओं का ब्यौरा प्रस्तुत किया, जिसमें बताया गया कि कुल 19 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 19 लोगों की मौत हुई, 7 गंभीर रूप से घायल और 1 व्यक्ति सामान्य रूप से घायल हुआ. जिले में अब तक 18 ब्लैक स्पॉट भी चिन्हित किए गए हैं.

उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में लगातार वृद्धि चिंताजनक है और सभी अधिकारी ठोस कार्ययोजना बनाकर उसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करें. उन्होंने निर्देश दिया कि जिलेभर में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जाए ताकि लोग हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें तथा ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग को रोका जा सके.
आगामी दुर्गा पूजा को लेकर उपायुक्त ने सभी प्रमुख सड़कों की मरम्मत, खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के निर्देश दिए. उन्होंने पूजा पंडालों के आसपास वाहन पार्किंग की सुदृढ़ व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा.
बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी 18 ब्लैक स्पॉट पर बड़े साइनेज बोर्ड, रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर, सोलर लाइट और नियमित पुलिस गश्ती की व्यवस्था की जाएगी. साथ ही, चांडिल गोलचक्कर पर हाई मास्क लाइट लगाने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया गया.
उपायुक्त ने राष्ट्रीय मार्ग, ग्रामीण विकास विभाग और पथ निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि बारिश के कारण कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं जिससे दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ रही है. ऐसे में समय पर मरम्मत, पुलिस गश्ती और ट्रैफिक जाँच अभियान अत्यंत आवश्यक है. अंत में उपायुक्त ने सभी अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करने की अपील की.

