सरायकेला: जिला स्तर पर सड़क सुरक्षा को लेकर शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार ने की. बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी, नगर आयुक्त एवं समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे.

जिला परिवहन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि जुलाई 2025 में जिले में कुल 29 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 26 लोगों की मौत और 15 लोग घायल हुए. साथ ही अब तक जिले में 18 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं.
अपर उपायुक्त ने कहा कि दुर्घटनाओं की संख्या विगत माह से अधिक हुई है, जिस पर प्रभावी नियंत्रण जरूरी है. उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि ठोस कार्ययोजना बनाकर उसका क्रियान्वयन करें. उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करना सामूहिक जिम्मेदारी है.
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में समय-समय पर विशेष वाहन जाँच अभियान चलाया जाए, ताकि लोग हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें और ओवरस्पीडिंग व ओवरलोडिंग से बचें. उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी वाहन में निर्धारित सीट क्षमता से अधिक यात्री न चढ़ें और उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
अवैध पार्किंग और सड़क किनारे अतिक्रमण पर रोक लगाने, ब्लैक स्पॉट पर साइनेज बोर्ड और सोलर लाइट लगाने तथा यातायात पुलिस की नियमित गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए. इसके अलावा संबंधित विभागों को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था शीघ्र पूरी करने को कहा गया.
अपर उपायुक्त ने जोर दिया कि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ सभी अधिकारी कार्य करें, ताकि सड़क सुरक्षा और जन- जागरूकता दोनों को मजबूत किया जा सके.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
