सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र के बालीगुमा के समीप गुरुवार देर शाम एक ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान कोलाबीरा निवासी राकेश सोरेन (19) के रूप में हुई है. वहीं उसके साथ बाइक पर सवार सालडीह निवासी अमित दास (19) गंभीर रूप से घायल हो गया.

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस दल मौके पर पहुंचा और दोनों युवकों को सदर अस्पताल सरायकेला भेजा. वहां चिकित्सकों ने राकेश सोरेन को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल अमित दास को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया.
घटना शाम लगभग 7:30 बजे की बताई जा रही है. प्राप्त जानकारी के अनुसार राकेश सोरेन शाम को बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था. कोलाबीरा बाजार से अपने दोस्त अमित दास के साथ वह बाइक से कांड्रा की ओर जा रहा था. इसी दौरान बालीगुमा के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को सीधे टक्कर मार दी और चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि राकेश सोरेन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमित दास के पैर की हड्डी टूट गई. पुलिस ट्रेलर और उसके चालक की तलाश में जुटी है तथा मामले की जांच की जा रही है.

