सरायकेला: सरायकेला- टाटा मुख्य मार्ग पर जिला समाहरणालय के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाली नवनियुक्त सहायक शिक्षिका सुलेखा महतो के परिवार के लिए राहत भरी खबर है. शिक्षा विभाग की त्वरित और संवेदनशील पहल के बाद उनके आश्रित को पारिवारिक पेंशन स्वीकृत कर दी गई है. वहीं ग्रेच्युटी सहित अन्य सेवा संबंधी देय लाभों की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में पहुंच गई है, जिनका भुगतान जल्द किए जाने की तैयारी है.



जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक दस्तावेजों और औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया. इसी क्रम में सोनुवा अंचल कार्यालय से दिवंगत शिक्षिका की पारिवारिक पृष्ठभूमि एवं आश्रितों से संबंधित आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था. अब सभी जरूरी दस्तावेज विभाग को प्राप्त हो चुके हैं, जिसके बाद लंबित प्रक्रियाओं में तेजी लाई गई है.
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पारिवारिक पेंशन की स्वीकृति मिल चुकी है. साथ ही ग्रेच्युटी, अवकाश नकदीकरण और अन्य सेवा लाभों के भुगतान की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है. सभी औपचारिकताएं पूरी होते ही राशि आश्रितों के खाते में हस्तांतरित कर दी जाएगी.
अधिकारियों का कहना है कि विभाग यह सुनिश्चित कर रहा है कि दिवंगत शिक्षिका के परिवार को किसी प्रकार की प्रशासनिक परेशानी का सामना न करना पड़े और उन्हें समयबद्ध तरीके से सभी सरकारी लाभ उपलब्ध कराए जाएं.
गौरतलब है कि जिला समाहरणालय के समीप हुए सड़क हादसे में नवनियुक्त सहायक शिक्षिका सुलेखा महतो की असामयिक मौत से शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई थी. उनके निधन से परिवार के साथ-साथ सहकर्मियों और विद्यार्थियों को भी गहरा आघात पहुंचा था.
ऐसे कठिन समय में शिक्षा विभाग द्वारा राहत संबंधी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता देने को परिवार के लिए महत्वपूर्ण सहारा माना जा रहा है. विभाग का कहना है कि शेष सभी देयकों का भुगतान भी जल्द पूरा कर दिया जाएगा, ताकि परिवार को आर्थिक संबल मिल सके.
प्रमोद सिंह (संपादक)





