सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र के बिरसा चौक के पास रविवार को भीषण सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.

घायलों की पहचान अशोक तिर्की (18), आरव हेंब्रम (19) और दैनियर के रूप में हुई है. तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर बिरसा चौक की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनोज कुमार चौधरी मौके पर पहुंचे. उन्होंने मानवता का परिचय देते हुए तीनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया.
पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है. फरार वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी गई है.
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है. हादसे के बाद कुछ देर तक इलाके में अफरा- तफरी का माहौल रहा. पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है.

