सरायकेला/ Pramod Singh जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के कोलाबाडिया गांव में शनिवार देर शाम इवनिंग वॉक के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जहां तेज रफ्तार बाइक ने सड़क किनारे टहल रही दादी और पोती को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में दादी की मौत हो गई, जबकि पोती का इलाज सदर अस्पताल में जारी है.

घटना शाम करीब 6.30 बजे की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार कोलाबाडिया निवासी तारु दास 60 अपनी 12 वर्षीय पोती नेहा दास के साथ सड़क किनारे टहल रही थीं. इसी दौरान छेलकानी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने दोनों को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तारु दास की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जमशेदपुर रेफर कर दिया. जमशेदपुर स्थित टीएमएच अस्पताल में इलाज के दौरान रात करीब 11 बजे उनकी मौत हो गई.
वहीं नेहा दास का इलाज सरायकेला सदर अस्पताल में चल रहा है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बाइक चालक की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

