सरायकेला/ Pramod Singh जिले में दो दिनों के भीतर अलग- अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए. पहली घटना पांड्राशाली ओपी क्षेत्र के चिरु घाटी के पास बुधवार देर रात हुई, जबकि दूसरी घटना गुरुवार सुबह सरायकेला थाना क्षेत्र के बड़ा कांकड़ा मोड़ के समीप घटी.

जानकारी के अनुसार पांड्राशाली ओपी अंतर्गत चिरु घाटी के पास इंटरमीडिएट की परीक्षा देकर घर लौट रही छात्रा सलोनी हरिजन (17) सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई. दुर्घटना में उसका एक पैर टूट गया. हादसे में उसके चाचा गोकुल हरिजन (26) भी घायल हुए हैं. दोनों सरायकेला प्रखंड के बांकसाई गांव के निवासी बताए जाते हैं. सलोनी टाटा कॉलेज चाईबासा में इंटरमीडिएट की परीक्षा दे रही है और परीक्षा केंद्र से लौटने के दौरान यह दुर्घटना हुई. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
वहीं दूसरी घटना गुरुवार सुबह सरायकेला थाना क्षेत्र के बड़ा कांकड़ा मोड़ के पास हुई. छोटा कांकड़ा निवासी अभिषेक बाजपेई (22) स्कूटी से सरायकेला बाजार जा रहा था. इसी दौरान कांड्रा की ओर जा रही एक बाइक को बचाने के प्रयास में उसकी स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई. दुर्घटना में उसके हाथ और पैर में चोट आई है. उसे भी उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया.
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है. लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना संभावित स्थलों पर सतर्कता बढ़ाने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है.

