सरायकेला/ Pramod Singh त्योहारों के बीच सरायकेला की सड़कों से फिर दर्दनाक खबर आई है. शुक्रवार की शाम सरायकेला थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे ने एक बार फिर इलाके में जर्जर सड़कों और अनियंत्रित रफ्तार की हकीकत उजागर कर दी है.

पहली घटना कुदरसाई के समीप हुई, जहां कोपे गांव निवासी विजय सिंह गोडसोरा (47) अपनी बाइक से हटिया खरीदारी कर लौट रहे थे. रास्ते में पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें सड़क से उठाकर अस्पताल पहुंचाया. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट की कमी और सड़कों की खराब हालत के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं.
दूसरी घटना पांड्रा रोड पर घटी. यहां छोटू महतो (50), जो सरायकेला के हाटसाई में साइकिल की दुकान चलाते हैं, रोज की तरह शुक्रवार को दुकान बंद कर अपने गांव लौट रहे थे. तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित बाइक ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी. बाइक सवार सूरज सरदार (18) भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया.
तीनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद विजय सिंह गोडसोरा और छोटू महतो को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया, जबकि सूरज सरदार का इलाज सदर अस्पताल में जारी है.
घटनाओं के बाद लोगों में नाराजगी देखी गई. ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क मरम्मत और ट्रैफिक नियंत्रण के सख्त उपायों की मांग की है. वहीं पुलिस ने दोनों हादसों की जांच शुरू कर दी है और अनियंत्रित बाइक चालकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

