सरायकेला: आगामी दुर्गापूजा को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस ने गश्त और जांच अभियान तेज कर दिया है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बुधवार देर रात आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पराशर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रोड नंबर-7 बाजार एवं आसपास के इलाकों में पैदल गश्त की. इस दौरान अड्डेबाजी और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ विशेष जांच अभियान भी चलाया गया.


पुलिस टीम ने बाजार, मुख्य सड़कों और आसपास के संवेदनशील स्थानों का भ्रमण किया. देर रात अनावश्यक रूप से सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई. पुलिस ने लोगों से देर रात बेवजह सार्वजनिक स्थानों पर जमा नहीं होने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की.
थाना प्रभारी रविकांत पराशर ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है. अड्डेबाजी, नशाखोरी और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है. संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने बताया कि पूजा को लेकर प्रमुख बाजारों, पूजा पंडालों एवं संवेदनशील इलाकों में पुलिस की निगरानी बढ़ाई जा रही है. रात्रि गश्त के साथ पुलिस की अलग-अलग टीमें क्षेत्र में लगातार भ्रमण करेंगी. आम लोगों से भी किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है.

