
सरायकेला: जिले में अपराध नियंत्रण और आम लोगों के बीच सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में रविवार को आरआईटी थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी रविकांत पाराशर के नेतृत्व में पुलिस बल ने व्यापक पैदल गश्ती अभियान चलाया.


पैदल गश्ती के दौरान पुलिस टीम आरआईटी थाना क्षेत्र के विभिन्न चौक- चौराहों, मुख्य बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों से होकर गुजरी. इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी, स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा कानून- व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहयोग की अपील की.

थाना प्रभारी रविकांत पाराशर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना क्षेत्रों में नियमित पैदल गश्ती और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसका उद्देश्य अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाना, चोरी, लूट, छिनतई, नशा कारोबार तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों को रोकना है.
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अपराधियों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि वे अपराध का रास्ता छोड़ दें अथवा क्षेत्र छोड़ दें, अन्यथा पुलिस उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी. उन्होंने कहा कि अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी.

गश्ती के दौरान पुलिस ने दुकानदारों, व्यवसायियों और स्थानीय लोगों से भी बातचीत कर सतर्क रहने की अपील की. साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.

उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर इन दिनों पूरे सरायकेला- खरसावां जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत सभी थाना क्षेत्रों में नियमित पैदल गश्ती, एंटी क्राइम चेकिंग, वाहन जांच और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके.
Edited By Sarita





