सरायकेला: समाहरणालय सभागार में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार की अध्यक्षता में राजस्व संग्रहण, म्यूटेशन एवं उत्तराधिकार से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, एलआरडीसी, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक के दौरान विभागवार राजस्व संग्रहण की समीक्षा करते हुए अपर उपायुक्त ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जिले की आर्थिक मजबूती और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समयबद्ध एवं लक्ष्य आधारित राजस्व संग्रहण आवश्यक है. सभी विभागों को स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया.

परिवहन विभाग को डिफॉल्टर वाहनों पर कार्रवाई, खनन विभाग को अवैध खनन पर सख्ती, उत्पाद विभाग को अवैध शराब के खिलाफ नियमित अभियान, जबकि नगर निकायों को होल्डिंग टैक्स और अन्य करों की वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए गए. वाणिज्य कर अंचल को सभी कर योग्य प्रतिष्ठानों के पंजीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया.
राजस्व अंचल कार्यालयों की समीक्षा में अपर उपायुक्त ने ऑनलाइन म्यूटेशन सहित लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया. अंचलाधिकारियों को आम जनता को अनावश्यक परेशान न करने और स्वयं मामलों की निगरानी करने को कहा गया. लगान वसूली में 30 प्रतिशत से कम प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को शोकॉज किया गया.
बैठक में सरकारी भूमि संरक्षण, ई-केवाईसी, प्रमाणपत्र निर्गमन और रिक्त पदों पर नियुक्ति से जुड़े मामलों को भी समयबद्ध तरीके से निपटाने का निर्देश दिया गया.

