राजनगर/ Rasbihari Mandal थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के अवैध डीज़ल कारोबार करने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मिली गुप्त सूचना के आधार पर राजनगर थाना प्रभारी चंचल कुमार के नेतृत्व में टीम ने ग्राम कुटुप रिशिद के पास एक टायर दुकान में छापा मारकर अवैध डीज़ल बिक्री का खुलासा किया. मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस के अनुसार, आज सुबह लगभग 05:50 बजे सूचना मिली कि दुकान में ट्रक चालकों से चोरी किया गया डीज़ल अधिक दाम पर बेचा जा रहा है. छापेमारी के दौरान दुकान में लगे प्लास्टिक ड्रम से भारी मात्रा में डीज़ल बरामद किया गया. पूछताछ में दुकान संचालक डीज़ल की खरीद–फरोख्त से जुड़े सवालों का जवाब नहीं दे सका.
पुलिस ने कुल 710 लीटर डीज़ल जब्त किया है, जिसमें 19 प्लास्टिक ड्रम में भरे 380 लीटर, 4 ड्रम से 60 लीटर और 27 ड्रम से 270 लीटर डीज़ल शामिल है. बताया गया है कि आरोपी ट्रक चालकों से चोरी किया हुआ डीज़ल सस्ते दाम पर खरीदकर ऊंचे दामों पर बिक्री करते थे.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशिफ अंसारी (38 वर्ष), मुस्तकीम अंसारी (52 वर्ष) और मोहम्मद हसन अंसारी (18 वर्ष) के रूप में हुई है. तीनों बिहार के विभिन्न जिलों के रहने वाले हैं. पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. छापेमारी टीम में थाना प्रभारी चंचल कुमार, अवर निरीक्षक राम गौड़ और अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे.

