राजनगर/ Rasbihari Mandal अवैध शराब तस्करी के खिलाफ राजनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है. थाना कांड संख्या 98/2025 के तहत दर्ज मामले में पुलिस ने छापेमारी कर चोरी की गई विदेशी शराब की एक पूरी पेटी जब्त की है.

मामला तब सामने आया जब सरायकेला निवासी ब्रजेश कुमार सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि उनकी सरकारी शराब दुकान से सिग्नेचर ब्रांड की 750 ml की 12 बोतल चोरी हो गई, जिसकी कीमत लगभग ₹15,500 है. शिकायत मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई.
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी मनीष कुमार श्रीवास्तव (उम्र 33 वर्ष), पिता महेंद्र श्रीवास्तव, निवासी दाईगुट्टू मानगो (थाना मानगो, जिला पूर्वी सिंहभूम) को गिरफ्तार किया. आरोपी के पास से चोरी की गई शराब की पेटी बरामद की गई, जिसमें 375 ml की कुल 24 बोतल शामिल थीं.
पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी हो रही है. छापेमारी टीम में थाना प्रभारी चंदन कुमार, एएसआई खुशाल कुमार, एएसआई विवेकानंद प्रसाद के साथ राजनगर थाना पुलिस बल शामिल थी.

