राजनगर/ Rasbihari Mandal मकर और टुसू पर्व के अवसर पर राजनगर थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने क्षेत्र की समस्त जनता को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण अपील की है. उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी परिस्थिति में नशा या शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं, क्योंकि नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल स्वयं बल्कि दूसरों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है.

थाना प्रभारी ने लोगों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की. उन्होंने विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का उपयोग करने और तेज रफ्तार से बचने को कहा.
उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य टुसू पर्व के दौरान क्षेत्र में शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखना है. इसके लिए पुलिस लगातार गश्त और निगरानी कर रही है.
थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग जिम्मेदार नागरिक बनकर टुसू पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और खुशहाल माहौल में मनाएँ, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके.

