राजनगर/ Rasbihari Mandal सरायकेला- खरसावां जिला के राजनगर थाना क्षेत्र में अपराधियों की हौसले बुलंद है. आए दिन अपराध की घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा कर दिया है. ताजा मामला छोटा सिजुलता स्थित नवोदय चौक के समीप मां दुर्गा फोटो स्टूडियो सीएससी (ग्राहक सेवा केंद्र) की है. जहां बाइक सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े 60 हजार नगदी लूट की घटना को अंजाम दिया है. जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है.

बताया जा रहा है तीन युवक अपाचे बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे. और हथियार के बल पर केंद्र संचालक अनूप महाकुड़ से 60 हजार की लूट कर ली. जैसे ही लोगों को इसकी भनक लगी लोगों ने अपराधियों का पीछा करना शुरू किया. भगाने के क्रम में अपराधी अनियंत्रित होकर गिर पड़े, मगर सामने से भीड़ को आता देख अपराधियों ने उन पर तीन राउंड गोलियां चला दी. गनीमत रही कि इस गोली चालन की घटना में कोई हताहत नहीं हुआ. उधर गोली चलता देख स्थानीय लोग सहम गए. इस बीच मौका देखकर अपराधी भाग निकले.

सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है. बताया जा रहा है कि राजनगर थाना क्षेत्र में आए दिन चोरी की वारदात हो रही है. एक हफ्ते के भीतर तीन- तीन चोरी की बड़ी वारदात के बाद पुलिस की कार्यशैली कटघरे में है. अब देखना यह दिलचस्प होगा कि पुलिस इस मामले का खुलासा कब तक करती है. वैसे इस घटना के बाद इलाके के लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है.

