सरायकेला/ Rasbihari Mandal जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के लोधा गांव के पास रविवार शाम लगभग 7 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जिसमें एक अज्ञात हाइवा ने सड़क किनारे चल रहे बाईक सवार को जोरदार टक्कर मार दी. जिससे बाईक सवार की मौके पर ही मौत हो गई.

टक्कर के बाद हाइवा चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए और आक्रोश में आकर राजनगर- चाईबासा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. मृतक कुजू का रहने वाला बताया जा रहा है.
ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और फरार चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है. जाम के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया. सूचना मिलते ही राजनगर थाना प्रभारी दल- बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. हालांकि समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और घटनास्थल पर भारी भीड़ बनी हुई थी.

