सरायकेला/ Pramod Singh सीनी- गम्हरिया रेलवे लाइन पर वीरबांस रेलवे स्टेशन के समीप शुक्रवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें रेलवे के ट्रैकमैन मनोज दास (40) की वंदे भारत ट्रेन से कटकर मौत हो गई. घटना पोल संख्या 266/1717 के पास दोपहर लगभग 2 से 3 बजे के बीच हुई.

घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सरायकेला भेज दिया. मृतक रेलवे कर्मचारी देवघर का निवासी बताया जा रहा है.
सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि मृतक मनोज दास शुक्रवार को सीनी- गम्हरिया डाउन लाइन पर ट्रैक की मरम्मत का कार्य कर रहा था. इसी दौरान चाईबासा की ओर जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
थाना प्रभारी ने कहा कि घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है. वहीं, रेलवे प्रशासन ने भी घटना की जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद रेलकर्मियों में शोक की लहर है.

