सरायकेला: जिले में अफीम की अवैध खेती की संभावना को समाप्त करने के उद्देश्य से सरायकेला- खरसावां पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “प्री- कल्टीवेशन ड्राइव” अभियान लगातार जारी है. इस क्रम में रविवार को अभियान के तीसरे चरण के तहत कुचाई थाना क्षेत्र के तोड़ागड़ीह गांव और दलभंगा ओपी क्षेत्र के दलभंगा बाजार में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया.

अभियान के दौरान संबंधित थाना प्रभारी और पुलिस पदाधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ ग्राम सभा आयोजित कर उन्हें अफीम की खेती के दुष्प्रभाव और इसके खिलाफ लागू कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी. ग्रामीणों को बताया गया कि अफीम की खेती न केवल अवैध है, बल्कि इसके कारण समाज और आने वाली पीढ़ियों पर गहरा नकारात्मक प्रभाव पड़ता है.
इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को सामूहिक रूप से अफीम की खेती नहीं करने की शपथ दिलाई गई. साथ ही पुलिस अधिकारियों ने लोगों को अफीम की जगह वैकल्पिक फसलों की खेती करने के लिए प्रेरित किया, ताकि आजीविका के साथ- साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके.
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को यह भी बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल- 112 पर दी जा सकती है.
पुलिस विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में भी जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में इसी प्रकार के जागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे ताकि जिले में अफीम की अवैध खेती की संभावना पूरी तरह समाप्त की जा सके.

