सरायकेला: नगरपालिका आम निर्वाचन- 2026 के तहत सोमवार को जिले के तीनों शहरी निकायों- आदित्यपुर नगर निगम, कपाली नगर परिषद और सरायकेला नगर पंचायत में छिटपुट घटनाओं के बीच मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ.

शाम 5:00 बजे तक जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार सरायकेला नगर पंचायत को छोड़ आदित्यपुर और कपाली में मतदाताओं का रुझान अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा. सरायकेला नगर पंचायत में सबसे अधिक 74.86 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. कपाली नगर परिषद में 57.38 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. वहीं आदित्यपुर नगर निगम में शाम 5 बजे तक 56.06 प्रतिशत मतदान हुआ.
दिनभर विभिन्न मतदान केंद्रों पर महिला, पुरुष और बुजुर्ग मतदाताओं की कतारें देखी गईं. प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी गई. इसके बावजूद आदित्यपुर क्षेत्र में मतदान को लेकर अपेक्षित उत्साह नहीं दिखा.
शाम तक प्राप्त रुझानों से संकेत मिलता है कि स्थानीय सरकार के गठन को लेकर इस बार आदित्यपुर में मतदाताओं की भागीदारी अपेक्षाकृत कम रही. हालांकि अंतिम आंकड़ों में मामूली वृद्धि की संभावना जताई जा रही है. जानकारों का मानना है कि आदित्यपुर में कम मतदान के पीछे रोस्टर प्रणाली, प्रशासनिक त्रुटियां, अस्पष्ट मतदाता सूची और पर्याप्त तैयारी के अभाव जैसे कारण प्रभावी रहे.

