
सरायकेला: पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है. आरोपी के कब्जे से 1 किलो 54 ग्राम गांजा बरामद किया गया है. पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है.


जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़ाबांबो की ओर से आमदा की तरफ आने वाली सड़क मार्ग से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर गांजा लेकर आने वाला है. सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.
गठित टीम ने आमदा ओपी क्षेत्र स्थित रेलवे ब्रिज के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया. इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा. पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और तलाशी के दौरान उसके पास से 1 किलो 54 ग्राम गांजा बरामद किया.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान खगेश्वर प्रधान, निवासी लवजुड़ा कला, जिला पश्चिमी सिंहभूम के रूप में हुई है. पुलिस ने बरामद गांजा और मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है.
पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. छापेमारी दल में आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह


