सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र में सौतेले भाई की बेरहमी से हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. घटना 16 जुलाई की है जब पाटाहेंसल निवासी लक्ष्मण हेम्ब्रम की हत्या कर दी गई थी.

मामले में मृतक की सौतेली बहन रीना सोय के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी. शिकायत में कहा गया था कि 16 जुलाई को सुबह करीब 10 बजे ग्राम रंगपुर (सालडीह) के नया पुलिया के पास धान के खेत में लक्ष्मण हेम्ब्रम की सिर को कीचड़ में दबाकर और बड़े पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. छापेमारी दल ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी मनोज हेम्ब्रम उर्फ चोंगो और मदन हेम्ब्रम उर्फ चोके को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने मदन हेम्ब्रम के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर घटना में प्रयुक्त स्कूटी (JH05BJ-3174), उसका मोबाइल फोन, खून से सना टी-शर्ट और हत्या में इस्तेमाल किया गया बड़ा पत्थर बरामद किया है. एसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों का कोई पूर्व अपराधिक इतिहास नहीं है. गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला, पुलिस निरीक्षक नितिन कुमार सिंह, थाना प्रभारी विनय कुमार, रामरेखा पासवान, अमिश कुमार, गार्टी सुंडी, हवलदार राजेश उरांव, आरक्षी अरुण कुमार महतो, चालक आरक्षी शेमेन्द्र कुमार और तकनीकी शाखा की टीम शामिल थी.

