सरायकेला: जमशेदपुर के चर्चित युवा होटल कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे अशोक सिंह उर्फ राघव को 72 घंटे की रिमांड पर लिया है. चांडिल पुलिस उससे हत्याकांड की साजिश, शूटरों के संपर्क और अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर पूछताछ कर रही है.


गौरतलब है कि 24 अगस्त को चांडिल स्थित टेंथ माइलस्टोन होटल के समीप निखार सबलोक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस पहले ही अशोक सिंह राघव समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. शुरुआती खुलासे में सात आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई थी.
पुलिस जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद, आपराधिक गिरोहों की रंजिश और सुपारी देकर हत्या कराने की साजिश की बात सामने आई है. मामले में पुलिस ने राघव के सोनारी स्थित कार्यालय और अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी कर दस्तावेजों की जांच की थी.
अब 72 घंटे की रिमांड के दौरान पुलिस हत्याकांड से जुड़े साक्ष्यों और आरोपियों के बयानों का मिलान कर रही है. पूछताछ से इस चर्चित हत्याकांड की अन्य कड़ियां सामने आने की उम्मीद है.

