नीमडीह: थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ेदा पंचायत के खड़िया बस्ती में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत सोमवार को सबर परिवारों के बीच कंबल का वितरण किया गया. बढ़ती ठंड को देखते हुए यह पहल नीमडीह पुलिस द्वारा की गई, ताकि जरूरतमंद परिवारों को राहत मिल सके.

इस कार्यक्रम का नेतृत्व नीमडीह थाना प्रभारी संतन तिवारी ने किया. उन्होंने सबर समुदाय के लोगों को कंबल वितरित करते हुए उनसे संवाद भी किया. इस दौरान थाना प्रभारी ने लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की और इसके दुष्परिणामों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है.

पुलिस ने ग्रामीणों को बताया कि सामुदायिक पुलिसिंग का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास और सहयोग को मजबूत करना है. थाना प्रभारी संतन तिवारी ने कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए जरूरतमंदों की मदद और समाज में सकारात्मक माहौल बनाने के लिए भी लगातार कार्य कर रही है.
कार्यक्रम के दौरान सबर परिवारों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और सहयोग का भरोसा जताया. ग्रामीणों ने कहा कि ठंड के मौसम में कंबल मिलने से उन्हें काफी राहत मिली है. नीमडीह पुलिस द्वारा किए गए इस प्रयास से क्षेत्र में पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संबंध स्थापित होने की उम्मीद जताई जा रही है.

