सरायकेला: झारखंड में संपन्न हुए निकाय चुनाव के परिणाम शुक्रवार को घोषित किए जाएंगे. मतगणना को लेकर प्रत्याशियों की धड़कनें तेज हैं, वहीं समर्थकों में उत्साह और तनाव दोनों का माहौल है. परिणाम आते ही राज्य के विभिन्न शहरी निकायों में जीत का जश्न और हार की मायूसी साथ- साथ देखने को मिल सकती है.

राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी के कारण इस बार का शहरी निकाय चुनाव कई वार्डों और मोहल्लों में प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है. जीत- हार से ज्यादा समर्थकों के बीच उन्माद की स्थिति प्रशासन के लिए चिंता का विषय बनी हुई है.
सरायकेला जिले के तीनों निकायों में भी कमोबेश ऐसी ही स्थिति है. जिले के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया है. उन्होंने स्पष्ट कहा है कि परिणाम के बाद यदि कहीं भी हिंसा या उपद्रव की सूचना मिलती है, तो दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
एसपी ने विजयी प्रत्याशियों से संयमित ढंग से खुशी मनाने और पराजित उम्मीदवारों से शांति बनाए रखने की अपील की है. साथ ही आम नागरिकों से भी सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने को कहा गया है. मतगणना केंद्रों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, गश्ती दल और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि कानून- व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित रहे.

