सरायकेला: सार्वजनिक स्थलों पर अड्डेबाजी और नशापान करने वालों को चेतावनी देने के बाद अब सरायकेला पुलिस एक्शन में उतर गई है. बुधवार को थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया. इस दौरान सार्वजनिक स्थलों पर नशापान करते मिले चार लोगों को पुलिस पकड़कर सरायकेला थाना ले आई.


थाना परिसर में चारों को कड़ी चेतावनी दी गई. इसके बाद उनके परिजनों को भी थाने बुलाया गया. पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में बॉन्ड भरवाने के बाद चारों को भविष्य में सार्वजनिक स्थान पर नशापान और अड्डेबाजी नहीं करने की अंतिम चेतावनी देकर छोड़ दिया.
शहर से गांव तक पुलिस की नजर
पुलिस का अभियान केवल शहरी क्षेत्र तक सीमित नहीं रहा. थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में भी ऐसे स्थानों पर निगरानी की गई, जहां सार्वजनिक रूप से नशापान या जमावड़ा लगने की शिकायतें सामने आती हैं.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर नशापान कर आम लोगों को परेशान करने या माहौल खराब करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार चलेगा.
पहली बार चेतावनी, दोबारा पकड़े गए तो कार्रवाई
थाना प्रभारी ने कहा कि पकड़े गए चार लोगों को परिजनों की मौजूदगी में बॉन्ड भरवाकर अंतिम चेतावनी दी गई है. इसके बावजूद दोबारा सार्वजनिक स्थल पर नशापान या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि में पकड़े जाने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल लोगों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और बेहतर सामाजिक माहौल बनाए रखना भी है.
पुलिस ने आम लोगों से सार्वजनिक स्थलों पर नशापान और अड्डेबाजी से दूर रहने की अपील की है. अभिभावकों से भी अपने बच्चों और युवाओं की गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया है. साथ ही ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है.
प्रमोद सिंह (संपादक)

