सरायकेला: जिले में पेट्रोल और डीजल को लेकर फैल रही अफवाहों तथा पंपों पर बढ़ती भीड़ के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सरायकेला अभिनव प्रकाश ने क्षेत्र के विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने पेट्रोल और डीजल के स्टॉक रजिस्टर, उपलब्ध ईंधन की मात्रा, वितरण व्यवस्था तथा उपभोक्ताओं को दी जा रही सुविधाओं की गहन जांच की. इस दौरान उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में जमाखोरी, कालाबाजारी या उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशान नहीं किया जाना चाहिए.

एसडीओ अभिनव प्रकाश ने कहा कि सभी लोगों को निर्धारित सरकारी दर पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन आमजनों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है तथा आवश्यक वस्तुओं की सुचारू उपलब्धता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है.
प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि किसी भी पेट्रोल पंप पर अनियमितता, कृत्रिम कमी, ओवररेटिंग या कालाबाजारी की शिकायत मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.
निरीक्षण के दौरान प्रशासन की ओर से आम नागरिकों से भी अपील की गई कि वे किसी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और बिना आवश्यकता पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं. प्रशासन के अनुसार जिले में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है तथा सभी पंपों पर नियमित आपूर्ति जारी है.
जिला प्रशासन ने लोगों से शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से जरूरत अनुसार ही ईंधन खरीदने की अपील की है. साथ ही यह भी कहा गया है कि कृत्रिम कमी उत्पन्न करने, अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने आम लोगों से यह भी आग्रह किया है कि यदि कहीं किसी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
Report- Afroz Mallik



