सरायकेला: डीसी के निर्देश पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने गम्हरिया प्रखण्ड अंतर्गत आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र की जन वितरण प्रणाली दुकान अनु० सं० 63/11 सरस्वती स्वयं सहायता समूह का निबंधन रद्द कर दिया है. यह कार्रवाई वार्ड संख्या-13 की निवर्तमान पार्षद श्रीमती नील पदमा विश्वास द्वारा की गई शिकायत के आलोक में जांचोपरांत की गई है.

जांच के दौरान सरकारी उचित मूल्य की दुकान बंद पाई गई. सरस्वती स्वयं सहायता समूह द्वारा उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर समिति अध्यक्ष के पुत्र ने दुकान पहुंचने की बात कही, लेकिन काफी प्रतीक्षा के बाद भी कोई भी समिति सदस्य मौके पर नहीं पहुंचा. इस संबंध में जिला आपूर्ति कार्यालय द्वारा प्रथम और द्वितीय स्पष्टीकरण पत्र भी जारी किया गया, लेकिन अब तक कोई जवाब समर्पित नहीं किया गया.
जांच में पाया गया कि दुकान का संचालन स्वयं सहायता समूह द्वारा न होकर समिति अध्यक्ष के पुत्र द्वारा किया जा रहा था, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है. दुकान के बाहर आवश्यक सूचना पट्ट और खाद्यान्न मूल्य सह- भंडार प्रदर्शन तालिका भी विभागीय निर्देश के अनुसार अद्यतन नहीं थी. NFSA के अंतर्गत अगस्त 2025 में मात्र 32.76 प्रतिशत खाद्यान्न वितरण हुआ, जबकि JSFSS (ग्रीन) योजना के अंतर्गत अगस्त 2025 में 16.24 प्रतिशत और सितंबर 2025 में 22.35 प्रतिशत ही वितरण पाया गया. मई 2025 में चना दाल का वितरण केवल 19.71 प्रतिशत रहा. साथ ही राशन कार्डधारियों का KYC भी मात्र 62.76 प्रतिशत ही पूर्ण हुआ था.
यह भी पाया गया कि दुकान का संचालन अनुज्ञप्ति में दर्ज स्थान पर न होकर बिना अनुमति किसी अन्य स्थान पर किया जा रहा था. समिति द्वारा लापरवाही बरतते हुए सरकारी खाद्यान्न के गबन की भी आशंका जताई गई. यह सभी कृत्य झारखण्ड लक्षित जन वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश-2024 के अध्याय-IV की कण्डिका-20 के कई प्रावधानों का उल्लंघन हैं.
विभाग के इस कार्रवाई के बाद फर्जी डीलरों में हड़कंप मचा हुआ है. डीएसओ ने साफ कर दिया है कि विभाग में फैले भ्रष्टाचार को अब जड़ से समाप्त किया जाएगा. उन्होंने डीलरों से दलालों से दूर रहने और विभागीय निर्देश का पालन करते हुए लाभुकों को समय पर तय मानक के अनुरूप खाद्यान उपलब्ध कराएं अन्यथा दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. डीएसओ ने सभी एमओ, एजीएम और डीएसडी से अपने कार्यों में पारदर्शिता लाने का निर्देश दिया है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
