सरायकेला/ Pramod Singh पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर खरसावां थाना क्षेत्र में मंगलवार को अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध जनजागरूकता अभियान चलाया गया. इस अभियान के तहत थाना प्रभारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में सिलपिंगदा और झुझकी गांव में ग्राम सभा आयोजित की गई, जिसमें ग्रामीणों को अफीम की खेती के दुष्परिणामों के बारे में बताया गया.

थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि यह कार्यक्रम “प्री कल्टीवेशन ड्राइव” के तहत आयोजित किया गया है, जिसका उद्देश्य वर्तमान फसलीय वर्ष में जिले में अफीम की अवैध खेती की संभावना को समाप्त करना है. उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग का प्रयास है कि ग्रामीणों को अवैध खेती के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए उन्हें वैकल्पिक फसलों की ओर प्रेरित किया जाए.

सभा में थाना प्रभारी ने समझाया कि अफीम की खेती न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह किसानों और उनके परिवारों के भविष्य के लिए भी हानिकारक है. उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहें और शासन द्वारा प्रोत्साहित फसलों जैसे दलहन, तिलहन या सब्जियों की खेती करें.
ग्राम सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया और अफीम की खेती न करने की शपथ ली. थाना प्रभारी ने बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है. खरसावां थाना पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध खेती पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

