सरायकेला/ Pramod Singh प्रखंड संसाधन केंद्र, सरायकेला में आगामी 1 अगस्त को विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा. इस शिविर में प्रखंड के सभी विद्यालयों के चिन्हित छात्र-छात्राओं की आंखों की जांच विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा की जाएगी और जरूरतमंद बच्चों को नि:शुल्क चश्मा भी उपलब्ध कराया जाएगा.

शिविर से पूर्व बुधवार को सदर अस्पताल के नेत्र सहायक अशोक कुमार महतो द्वारा प्रखंड संसाधन केंद्र में सभी विद्यालयों के चयनित नोडल शिक्षकों को नेत्र जांच का प्रशिक्षण दिया गया. श्री महतो ने बताया कि ई-चार्ट के माध्यम से बच्चों की दृष्टि जांच की जाएगी, जिसमें 6 मीटर की दूरी पर खड़ा कर बच्चों की आंखों की रोशनी का परीक्षण होगा.

उन्होंने कहा कि जिन बच्चों में दृष्टि संबंधी थोड़ी भी समस्या पाई जाती है, उन्हें चिन्हित कर 1 अगस्त के नेत्र जांच शिविर में भेजा जाएगा. सभी नोडल शिक्षकों को अपने विद्यालयों में जांच कर सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया है.
इस अवसर पर प्रखंड साधनसेवी गौतम कुमार, रिसोर्स शिक्षक नरेंद्र प्रसाद सिंह, फिजियोथेरेपिस्ट पिंकी चाकी, राहुल घोष, सुनील गोप और राजाराम महतो उपस्थित थे.

