नीमडीह: पुलिस अधीक्षक सरायकेला- खरसावां के निर्देश पर नीमडीह थाना पुलिस ने गुरुवार को ग्राम डाहुबेडा, टोला बनकाटी में छापामारी कर राशन दुकानदार अमरेन्द्र सिंह सरदार को अवैध विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है.

बताया जा रहा है कि एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि अमरेन्द्र सिंह सरदार अपनी दुकान में शराब बेच रहा है. छापामारी के दौरान दुकान से किंगफिशर स्ट्रॉन्ग बियर (650ml) का 18 बोतल, दिलसे (600ml) का 70 बोतल और किंग्स गोल्ड (750ml) का 6 बोतल बरामद किया गया. इन सभी पर ‘फॉर सेल इन वेस्ट बंगाल’ और ‘फॉर सेल इन अरुणाचल प्रदेश’ लिखा था.
पुलिस ने बरामद सभी शराब को जब्त कर लिया है और दुकानदार अमरेन्द्र सिंह सरदार (उम्र 34 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया. जिसे पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 274/275 और उत्पाद अधिनियम की धारा 47 (a) के तहत केस दर्ज किया गया है.

